Site icon Samagra Bharat News website

कोविड अपडेट : 113 दिनों में पहली बार देश में कोरोना के 13,000 से अधिक मरीज, 23 लोगों की मौत

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 18जून। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 13,216 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,32,83,793 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 68,108 पर पहुंच गई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अपडेट आंकड़ों से यह जानकारी मिली है.

113 दिनों में यह पहली बार है, जब देश में संक्रमण के 13,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी अपडेट आंकड़ों के अनुसार, भारत में बीते 24 घंटे में संक्रमण से 23 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,24,840 हो गई.

मंत्रालय ने बताया कि देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 68,108 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.16 प्रतिशत है. वहीं, मरीजों के संक्रमण मुक्त होने की राष्ट्रीय दर 98.63 प्रतिशत तो कोविड-19 मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत है.

पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 5,045 की बढ़ोतरी हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दैनिक संक्रमण दर 2.73 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 2.47 प्रतिशत है. देश में अभी तक कुल 4,26,82,697 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.

कोविड-19 रोधी टीकों की 196 करोड़ से अधिक खुराक दी गईं
मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से उबर चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,26,90,845 हो गई है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देशभर में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 196 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.

24 घंटे में संक्रमण से 23 लोगों की मौत
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 23 लोगों की मौत हुई है, उनमें केरल के 13, महाराष्ट्र के तीन, कर्नाटक के दो और दिल्ली, मेघालय, पंजाब, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के एक-एक मरीज शामिल हैं.

Exit mobile version