Site icon Samagra Bharat News website

असदुद्दीन ओवैसी ने की भविष्यवाणी, यहां जानें नेता के मुताबिक कब खत्म होगा कांग्रेस का अस्तित्व..कब चुनाव हारेंगे पीएम मोदी

समग्र समाचार सेवा
रांची, 20जून। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भविष्यवाणी की है कि कांग्रेस अब निहायत कमजोर हो गई है और उससे कुछ नहीं होने वाला, साथ ही देश से कांग्रेस का खात्मा होने पर नरेंद्र मोदी भी चुनाव हार जाएंगे.
रांची में मांडर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा से निष्कासित निर्दलीय प्रत्याशी देव कुमार धान के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए ओवैसी ने यहां मांडर के चान्हो ब्लॉक में अपनी चुनावी सभा में दो टूक कहा, ‘अगर कोई भाजपा को, नरेंद्र मोदी को जीत दिला रहा है तो उसका नाम कांग्रेस पार्टी है. ये कमजोर हो चुके हैं, इतने कमजोर हो चुके हैं कि इनके नेता को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पूछताछ के लिए बुलाती है तो सौ लोगों को दिल्ली में जमा नहीं कर पाते हैं.’
उन्होंने दावा किया, ‘जिस दिन कांग्रेस पार्टी भारत से खत्म होगी उस दिन नरेंद्र मोदी चुनाव हार जाएंगे.’ ओवैसी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सभी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि रांची में 10 जून को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा में दो मुसलमान लड़कों की मौत के जिम्मेदार भाजपा और राज्य की हेमंत सोरेन नीत सरकार है.
उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए जिम्मेदार है, क्योंकि यदि उसने पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने वाली नूपुर शर्मा एवं नवीन जिंदल के खिलाफ पहले कार्रवाई कर की होती तो मुसलमान नाराज होकर सड़क पर नहीं उतरते और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार उन लड़कों पर गोली चलवाने के लिए जिम्मेदार है.

ओवैसी ने सेना में भर्ती के लिए केन्द्र की ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी के गलत फैसले की वजह से देश के नौजवान सड़क पर हैं. असदुद्दीन ओवैसी ने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की. उन्होंने कहा, ‘आज देश की सीमा को चीन और पाकिस्तान से खतरा है, सेना में लाखों पद रिक्त हैं, इसके बावजूद चार साल के लिए संविदा पर नियुक्ति का फैसला उचित नहीं है.’

भाजपा से निष्कासित मांडर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार देव कुमार धान के चुनाव प्रचार के लिए रविवार दोपहर रांची पहुंचे एआइएमआइएम नेता असदुद्दीन ओवैसी का स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए उनके समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर जहां ओवैसी जिंदाबाद के नारे लगाए, वहीं उनमें से कुछ ने कथित तौर पर पाकिस्तान जिंदाबाद के भी नारे लगाए.

मामले की जानकारी होने पर जिला प्रशासन ने स्थानीय पुलिस से इसकी रिपोर्ट तलब की है. रांची के अनुमंडलीय अधिकारी दीपक दूबे ने मीडिया में आयी इन खबरों पर स्थानीय पुलिस से जांच करने का आदेश दिया है.

Exit mobile version