Site icon Samagra Bharat News website

उत्तराखंड की पहली महिला मुख्य सचिव हो सकती हैं राधा रतूड़ी, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे CS संधू

समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 22जून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की खबर सामने आ रही है. ऐसे में उत्तराखंड को पहली महिला मुख्य सचिव मिल सकती हैं. अपर मुख्य सचिव के तौर पर सबसे सीनियर राधा रतूड़ी को प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव बनाने की बात सामने आ रही है.
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे संधू: उत्तराखंड के मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे. खबर है कि प्रतिनियुक्ति पर जाने को लेकर मुख्य सचिव को राज्य की तरफ से अनुमति दे दी गई है. बड़ी बात ये है कि लंबे समय तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहने के बाद डॉ एसएस संधू उत्तराखंड में मुख्य सचिव का पद मिलने के बाद प्रदेश में आए थे. अब एक बार फिर उनकी तरफ से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने को लेकर इच्छा जाहिर करने की बात कही गई थी और इसी के बाद राज्य ने उन्हें उसके लिए एनओसी दे दी है.नया मुख्य सचिव कौन? इसके साथ ही राज्य में नए मुख्य सचिव को लेकर कवायद तेज हो गई है. अपर मुख्य सचिव के तौर पर सबसे सीनियर राधा रतूड़ी को प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव बनाने की बात सामने आ रही है. आपको बता दें कि राज्य में यूं तो अपर मुख्य सचिव के पद पर मनीषा पंवार और आनंद वर्धन भी हैं लेकिन मनीषा पंवार के स्वास्थ्य संबंधी कारण होने और आनंद वर्धन के धामी सरकार में दूरियां बढ़ने के चलते सबसे सीनियर राधा रतूड़ी को ही एकमात्र सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
उम्मीद लगाई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में ही राधा रतूड़ी को मुख्य सचिव बनाया जा सकता है. फिलहाल राधा रतूड़ी अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को भी निभा रही हैं. उधर, माना जा रहा है कि मुख्य सचिव एसएस संधू और धामी सरकार के बीच समन्वय स्थापित नहीं हो पा रहा था. इसे देखते हुए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने का प्रस्ताव मुख्य सचिव की तरफ से ही भेजा गया.

 

Exit mobile version