Site icon Samagra Bharat News website

असम में बाढ़ के कारण 12 और लोगों की हुई मौत, 32 जिलों में 55 लाख लोगों पर मंडरा रहा खतरा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 23जून। असम में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है. यहां बुधवार के दिन स्थिति बेहद गंभीर बनी रही. यहां नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था. इस बीच अधिकारियों की मानें तो राज्य में और 12 लोगों की मौत बाढ़ के कारण हुई है. असम के 32 जिलों में 55 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि राज्य की दो प्रमुख नदियों ब्रह्मपुत्र और बराक का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था. इस कारण कई नए इलाकों में पानी भऱने लगा. इस कारण होजई में 4, बारपेटा और नलबाड़ी में तीन- तीन और कामपुर जिले में दो लोगों की मौत हो गई.

अबतक 101 लोगों की मौत
अधिकारियों की मानें तो बाढ़ और भूस्खलन के कारण राज्य में अबतक 101 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं बराक घाटी के जिलों कछार, करीमगंज और हैलीकांडी में हालात अभी गंभीर बना हुआ है. असम आपदा प्रबंध विभाग के मुताबिक राज्य के 32 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. बाढ़ के कारण 55,42,053 लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं हजारों लोग बेघर हो चुके हैं.

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एनडीआरएफ की टीम के साथ नाव पर सवार होकर नागांव जिले के कई अलग अलग क्षेत्रों का जायजा लिया और बाढ़ से पीड़ित लोगों का हाल जाना. इससे पहले उन्होंने नलबाड़ी और कामरुप जिलों में राहत शिविरों का दौरा किया और जल्द ही राहत पैकेज के घोषणा किए जाने की बात कही.

केंद्रीय जल आयोग द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक कोपिली नदी, निमाटिघाट, ब्रह्मपुत्र नदीं, पुथिमारी, पागलडिया, बेकी, बराक, कुशियारा इत्यादि नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं. वहीं बारपेटा, कचार, दारांग, ग्वालपाड़ा, कामरूप और करीमगंज के शहरी इलाके में बाढ़ के बढ़ने का खतरा है.

Exit mobile version