Site icon Samagra Bharat News website

सीएम उद्धव ठाकरे ने छीना 9 बागी मंत्रियों के विभाग, अपने वफादार मंत्रियों को सौंपी जिम्मेदारी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 27जून। महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुवाहाटी के होटल में ठहरे हुए नौ बागी मंत्रियों के विभाग अन्य मंत्रियों को आवंटित कर दिए हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी किए गए के अनुसार, बागी मंत्रियों के विभाग अन्य मंत्रियों को इसलिए दिए जा रहे हैं ताकि प्रशासन चलाने में आसानी हो. महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शिवसेना के नौ मंत्री अब एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले बागी गुट में शामिल हो चुके हैं.
शिवसेना में अब चार कैबिनेट मंत्री हैं जिनमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, अनिल परब और सुभाष देसाई शामिल हैं. आदित्य को छोड़कर शेष तीन विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं. शिवसेना के अगुवाई वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में बगावत से पहले, पार्टी के 10 कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री थे. सभी चार राज्य मंत्री असम के गुवाहाटी के होटल में डेरा डाले हुए हैं.
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी सूचना के अनुसार, एकनाथ शिंदे के शहरी विकास, लोक निर्माण विभाग (सार्वजनिक उपक्रम) मंत्रालय को उनसे वापस लेकर सुभाष देसाई को फिर से सौंपा गया है. बागी मंत्री गुलाबराव पाटिल का जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग को वापस लेकर अनिल परब को दिया गया है. संदीपनराव भुमरे को दादाजी भूसे का कृषि विभाग दिया गया है. वहीं, उदय सामंत का उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग को आदित्य ठाकरे को फिर से सौंपा गया है. शंभूराज देसाई, राजेंद्र येड्रावरकर, अब्दुल सत्तार और बच्चू कडू के विभाग भी दूसरे मंत्रियों को दिए गए हैं.
बता दें कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में करीब 40 विधायक सीएम उद्धव ठाकरे के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. इनमें से नौ मंत्री भी शामिल हैं. उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट की लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट में भी पहुंच गई है. सोमवार को दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी दलीलें कोर्ट में रखी.

 

Exit mobile version