Site icon Samagra Bharat News website

रोहित शर्मा के कोविड पॉजिटिव होने के बाद बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों को बाहर घूमने पर लगाई पाबंदी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 28जून। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद बीसीसीआई ने स्थिति को बेहद गंभीरता से लेते हुए इंग्लैंड दौरे पर पहुंचे खिलाड़ियों के लिए चेतावनी जारी की है. बोर्ड ने खिलाड़ियों को इंग्लैंड में सार्वजनिक जगहों पर कम से कम घूमने और होटल के अंदर रहने की सलाह दी है.

टीम इंडिया और लीसेस्टरशायर के बीच खेले जा रहे अभ्यास मैच के दौरान, शनिवार को टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा कोविड-19 के रैपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव आए थे. जिसके बाद से वो फिलहाल अपने होटल के कमरे में क्वारेंटीन हैं.

हालांकि इंग्लैंड में बायो बबल और कोविड-19 से बचाव के लिए बना गए क्वारेंटीन नियम अब हटा दिए हैं लेकिन इस वायरस का खतरा पूरी तरह टला नहीं है. रोहित के कोविड पॉजिटिव आने के बाद बीसीसीआई की खिलाड़ियों और टीम की सुरक्षा कर पाने की क्षमता पर भी सवाल उठ रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक बोर्ड से जुड़े सूत्र ने कहा, “बोर्ड ने कुछ खिलाड़ियों को उनकी बाहर घूमने की आदत के लिए डांट लगाई है. ये भी मालूम हुआ है कि कुछ खिलाड़ी बाहर गए और फैंस के साथ फोटो भी खिंचवाई, जो कि खतरनाक है. हमने उन्हें सावधान रहने के लिए कहा था लेकिन फिर भी वो शहर में घूम रहे हैं जिसकी जरूरत नहीं है, इसलिए हमने फिर से उन्हें सावधानी बरतने के लिए कहा है.”

Exit mobile version