Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली से दुबई जा रहे स्पाइसजेट विमान की पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग..

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5जुलाई। दिल्ली से दुबई जा रहे स्पाइसजेट के विमान की पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद अब स्पाइसजेट का एक रिप्लेसमेंट एयरक्राफ्ट मुंबई से कराची पहुंच गया है. बोइंग 737 मैक्स विमान कराची से यात्रियों को लेकर दुबई के लिए उड़ान भरेगा. यह रिप्लेसमेंट एयरक्राफ्ट पाकिस्तानी समय के अनुसार शाम 5.45 बजे कराची में लैंड हुआ
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने विमान में तकीनीकी खराबी के मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. इसस पहले तकनीकी खराबी की वजह से विमान को कराची में उतारा गया. फ्लाइट में सवार सभी पैंसेजर सुरक्षित हैं. कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की गई और विमान की सामान्य लैंडिंग हुई. यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया गया.

 

बता दें कि दिल्ली से दुबई की उड़ान के दौरान स्पाइसजेट के इस विमान के फ्यूल इंडिकेटर में कुछ समस्या आ गई थी.

इससे पहले बीते शनिवार को स्पाइसजेट की जबलपुर जा रही उड़ान करीब 5,000 फुट की ऊंचाई पर कैबिन में धुआं उठने के बाद वापस दिल्ली लौटी थी. बीते दो हफ्ते में स्पाइसजेट के विमान में इस तरह की यह पांचवीं घटना थी जो आज मिलाकर छठी हो गई.

नागर विमानन महानिदेशालय इन सभी घटनाओं की जांच कर रहा है. इससे पहले, 19 जून को पटना हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद स्पाइसजेट के दिल्ली जाने वाले विमान के एक इंजन में आग लग गई थी और विमान को आपात स्थिति में उतारा गया था. विमान में 185 यात्री सवार थे और पक्षी के टकराने से इंजन में खराबी आ गई थी.

वहीं, 19 जून को एक अन्य घटना में जबलपुर जा रही एक उड़ान को कैबिन में दबाव की समस्या के कारण दिल्ली लौटना पड़ा था. उधर, दो अलग-अलग विमानों के दरवाजों में 24 जून और 25 जून को उड़ान भरने के दौरान खराबी की चेतावनी मिलने के बाद यात्रा रद्द करनी पड़ी थी.

Exit mobile version