समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को पार्टी की राज्य इकाइयों में कुछ महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की। इसके तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के राजेश जी वी को कर्नाटक में संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है।
राजेश जी वी ने अरुण कुमार का स्थान लिया है। कुमार आरएसएस में वापस लौट गए हैं।

तेलंगाना में भाजपा के संगठन महामंत्री का कामकाज देख रहे एम श्रीनिवासुलु को पंजाब में संगठन महासचिव का दायित्व सौंपा गया है।
गोवा में भाजपा के संगठन महामसचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे सतीश ढोंड अब पश्चिम बंगाल में पार्टी के सह संगठन महासचिव का कामकाज देखेंगे। उनका केंद्र आसनसोल होगा।
भाजपा में संगठन महासचिव का पद बेहद अहम और ताकतवर होता है। इस पद पर आरएसएस से आए लोगों को जिम्मेदारी सौंपी जाती है। संगठन महासचिव संघ और भाजपा के बीच कड़ी का काम भी करते हैं और प्रमुख सांगठनिक गतिविधियों को भी अंजाम देते हैं।