समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 22जुलाई। केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री, श्री भूपेन्द्र यादव ने आज ब्रिटेन के सीओपी26 के अध्यक्ष श्री आलोक शर्मा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने चर्चा की कि भारत और ब्रिटेन कैसे ग्लासगो जलवायु समझौते को पूरा करने के लिए एक साथ काम करना जारी रख सकते हैं और 2030 के रोडमैप के तहत जलवायु कार्य पर भारत और ब्रिटेन के सहयोग को कैसे मजबूत बनाया जा सकता है।
यादव ने सीओपी26 के अध्यक्ष के नेतृत्व और यूएनएफसीसीसी के सीओपी26 के सफल समापन के लिए सभी हितधारकों के साथ उनके निरंतर जुड़ाव की सराहना की। उन्होंने पेरिस समझौते के सफल कार्यान्वयन के लिए जलवायु कार्य की निरंतर गति और प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।

केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि विकसित देशों से जलवायु संबंधी आर्थिक प्रबन्ध और प्रौद्योगिकी सहायता की वर्तमान गति और पैमाना जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक आकांक्षा से मेल नहीं खा रहे हैं। उन्होंने आर्थिक प्रबन्ध और प्रौद्योगिकियों सहित कार्यान्वयन सहायता के वितरण और लक्ष्यों को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।