Site icon Samagra Bharat News website

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बाद लोकसभा से सस्पेंड कांग्रेस के चारों सांसदों का निलंबन रद्द

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1 अगस्त। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कांग्रेस के चार सदस्यों का निलंबन रद्द कर दिया।
जिन सासंदों का निलंबन रद्द किया गया है उनमें मणिकम टैगोर, टी एन प्रतापन, ज्योतिमणि और राम्या हरिदास का नाम शामिल है। निलंबन वापस लिए जाने के साथ ही मानसून सत्र में सदन के भीतर पिछले कई दिनों से चल रहा गतिरोध खत्म हो गया।
बता दें कि लोकसभा में विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के दौरान तख्तियां दिखाकर प्रदर्शन करने और आसन की अवमानना करने के मामले में गत 25 जुलाई को कांग्रेस के इन चार सदस्यों को चालू सत्र की शेष अवधि के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया था।

इससे पहले सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। दो बार स्थगन के बाद दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर पीठासीन उपाध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके तत्काल बाद विपक्षी दलों के सदस्यों ने महंगाई और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के मुद्दे को लेकर हंगामा आरंभ कर दिया।

Exit mobile version