समग्र समाचार सेवा
इंफाल, 1 अगस्त । सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ (आरवीवाई योजना) के तहत वरिष्ठ नागरिकों और एडीआईपी योजना के तहत दिव्यांगजनों को सहायता और सहायक उपकरण वितरित करने के लिए दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण विभाग द्वारा एएलआईएमसीओ (एलिम्को) समाज कल्याण विभाग, मणिपुर और जिला प्रशासन बिष्णुपुर के सहयोग से आज ‘सामाजिक अधिकारिका शिविर’ का क्यांबा निंगशिंग शांगलान, बिष्णुपुर (मणिपुर) में आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कुमारी प्रतिमा भौमिक ने इस शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मणिपुर सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग, युवा मामले और खेल मंत्री श्री गोविंददास कोंठौजम, मणिपुर सरकार के शिक्षा, कानून और विधायी मामलों के मंत्री श्री थौनाओजम बसंत कुमार सिंह, मणिपुर सरकार के समाज कल्याण, कौशल, श्रम और रोजगार, उद्यमिता तथा मत्स्य पालन मंत्री श्री हेखम डिंगो सिंह और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कोविड-19 महामारी को देखते हुए विभाग द्वारा तैयार एसओपी का पालन करते हुए ब्लॉक/पंचायत स्तर पर 170 दिव्यांगजनों और 1029 वरिष्ठ नागरिकों को केंद्र सरकार की योजना के तहत 129.98 लाख रुपये मूल्य के कुल 5706 सहायता और सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।
विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण पहचान किए गये उन दिव्यांगजन लाभार्थियों में चरणबद्ध तरीके से वितरित किए जाएंगे, जिन्हें ब्लॉक स्तर पर मूल्यांकन शिविरों के दौरान पंजीकृत किया गया था, जिनमें 08 ट्राइसाइकिल, 827 व्हीलचेयर, 316 बैसाखी, 849 वॉकिंग स्टिक, 03 रोलेटर, 50 वॉकर, 24 स्मार्ट फोन 25 स्मार्ट केन, 41 ब्रेल किट, 16 सी.पी. चेयर, 21 एमएसआईईडी किट, 01 एडीएल किट (कुष्ठ रोग के लिए) सेल फोन के साथ और 628 हियरिंग एड मशीनें शामिल है और वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रमुख मदों में 99 फुट केयर यूनिट, 87 स्पाइनल सपोर्ट, 901 एलएस बेल्ट, 953 नीब्रेसेस, 41 वॉकिंग स्टिक विद सीट, 235 डेन्चर, 402 चश्मा, 110 सरवाइकल कॉलर शामिल हैं।
डीएम बिष्णुपुर, निदेशक समाज कल्याण विभाग, मणिपुर और एलिम्को के वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित थे।