Site icon Samagra Bharat News website

130 करोड़ भारतीयों को एकजुट करना ही तिरंगे की ताकत है अनुराग सिंह ठाकुर

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 4अगस्त। उपराष्ट्रपति ने बुधवार को नई दिल्ली में लाल किले से इंडिया गेट तक सांसदों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी पूरे उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। रैली का आयोजन संस्कृति मंत्रालय द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ की जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया था।

इस कार्यक्रम में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, संसदीय कार्य मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, संस्कृति मंत्री श्री किशन रेड्डी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी, संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी और श्री वी. मुरलीधरन सहित बड़ी संख्या में सांसदों ने हिस्सा लिया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने इस कार्यक्रम के दौरान बाइक की सवारी की। श्री ठाकुर ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को संदेश देने के लिए विभिन्न केंद्रीय मंत्री, सांसद और युवा नेता एक साथ आए हैं। संदेश ये कि हम सब अपने देश को एकजुट रखेंगे, भारत को आगे बढ़ाएंगे और भारत को मजबूत बनाएंगे। 130 करोड़ भारतीयों को एकजुट करना ही तिरंगे की ताकत है। आज हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उन्हें याद कर रहे हैं, और आजादी का अमृत महोत्सव में ये भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि हम देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने और भारत के गौरव को बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान भारत सरकार द्वारा भारत के नागरिकों और राष्ट्रीय ध्वज के बीच एक व्यक्तिगत जुड़ाव पैदा करने की एक पहल है। इसका मकसद लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय उत्साह की भावना को मजबूत करना है ताकि वे जनभागीदारी की भावना से लबरेज होकर आजादी के अमृत महोत्सव में भाग लें।

Exit mobile version