Site icon Samagra Bharat News website

आप नेता संजय सिंह का ऐलान, 2024 में मोदी बनाम केजरीवाल होगा चुनाव

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 20अगस्त। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह का कहना है कि डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की रेड करा कर भाजपा ने पूरे देश को संदेश दिया है कि देश में 2024 का लोकसभा चुनाव आम आदमी पार्टी बनाम भाजपा यानि ‘मोदी बनाम केजरीवाल’ होगा।

संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 2024 में अगला लोकसभा चुनाव आप बनाम बीजेपी होगा, मोदी बनाम केजरीवाल होगा। हम मुकाबला करेंगे। मैं फिर कह रहा हूं कि आप केजरीवाल या हमारे शिक्षा, स्वास्थ्य मॉडल को नहीं रोक सकते हैं। आप हमारे स्वास्थ्य मंत्री या शिक्षा मंत्री को अरेस्ट कर सकते हैं, लेकिन दिल्ली का कोई काम नहीं रुकेगा। यदि आप केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को टारगेट करना चाहते हैं तो ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन पूरा देश देख रहा है। भारत को दुनिया में नंबर वन बनाने का मिशन नहीं रुकने वाला है।

दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी में कथित घोटाले की जांच के लिए एलजी की सिफारिश के बाद शुक्रवार को सीबीआई ने आबकारी विभाग संभालने वाले सिसोदिया के सरकारी आवास समेत 7 राज्यों में 21 ठिकानों पर छापेमारी की। सीबीआई ने इस दौरान कई डिवाइस और दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। उपमुख्यमंत्री समेत 15 लोगों का नाम एफआईआर में शामिल किया गया है। छापेमारी को लेकर ‘आप’ बेहद आक्रोशित है और इसे दिल्ली में केजरीवाल सरकार के अच्छे कामों को रोकने की कोशिश बता रही है।

Exit mobile version