Site icon Samagra Bharat News website

जेल मंत्री की रिपोर्ट का दावा, पंजाब की जेल में मुख्तार अंसारी की सेवा में लगे थे 10 IPS अधिकारी,

समग्र समाचार सेवा
चंड़ीगढ, 20अगस्त। पंजाब में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान रोपड़ जेल में बंद रहे उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी की जमकर खातिरदारी होती थी. रोपड़ जेल में 10 आईपीएस अफसर मुख्तार अंसारी की खातिरदारी में लगाए गए थे. यह बात पंजाब के जेल मंत्री की तरफ से मुख्यमंत्री भगवंत मान को सौंपी गई एक रिपोर्ट में सामने आयी है. रिपोर्ट में कहा गया है कि मुख्तार अंसारी को जेल में सरकार का संरक्षण प्राप्त था. मुख्तार जेल की बैरक में नहीं बल्कि जेल के अंदर बने सरकारी आवास में रहता था. मुख्तार की पत्नी भी उसके साथ रहती थी. रिपोर्ट के अनुसार, मुख्तार अंसारी को रोपड़ जेल में वे सभी सुख-सुविधाएं मिलती थी जो किसी कैदी को नहीं मिलती. अब इस पूरे मामले में पंजाब सरकार तो कार्रवाई करने जा ही रही है लेकिन उत्तर प्रदेश का गृह विभाग और पुलिस विभाग भी एक्टिव हो गया है.

पंजाब सरकार के जेल मंत्री की इस रिपोर्ट ने कांग्रेस पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. बीजेपी समेत अन्य पार्टियां अब कांग्रेस को घेरने में लग गई हैं. माना जा रहा है कि इस मामले को राष्ट्रीय स्तर पर उछाला जा सकता है. बता दें कि जब मुख्तार अंसारी को रोपड़ जेल में लाया गया था तो उस दौरान उसे दिए जा रहे सरकारी संरक्षण का मामला विधानसभा में भी गूंजा था. यहीं नहीं मुख्यमंत्री कार्यालय तक इसकी शिकायत की गई थी. योगी सरकार लंबी कानूनी लड़ाई के बाद मुख्तार को पंजाब से यूपी लाने में सफल हुई थी. मुख्तार अंसारी अभी बांदा की जेल में बंद है.

Exit mobile version