Site icon Samagra Bharat News website

भारत VS पाकिस्तान : हार्दिक पांड्या के दम पर भारत ने पाकिस्तान को दी मात, इन खिलाड़ियों के कारण टीम इंडिया को मिली जीत

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29अगस्त। टीम इंडिया ने एशिया कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शानदार शुरुआत की है. भारत यहां 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरा था लेकिन अपने टॉप ऑर्डर की नाकामी के चलते वह मुश्किल में फंस गई थी. हालांकि उसके मिडल ऑर्डर ने उसे संभाले रखा और अंत में हार्दिक पांड्या ने छक्का जड़कर भारत को शानदार जीत दिला दी. भारत की इस जीत में ये खिलाड़ी रहे मैच के हीरो.

भुवनेश्वर कुमार ने रखी जीत की नींव
अपनी बेहतरीन बॉलिंग के लिए जाने जाने वाले भुवनेश्वर कुमार ने वही काम किया, जिसके लिए उन्होंने अपनी पहचान कायम की है. भुवी ने शुरुआती ओवरों में ही पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (10) को चलता किया. इसके बाद स्लॉग ओवरों में भी उन्होंने तीन और विकेट अपने नाम कर पाकिस्तान पर दबाव बना दिया. भुवी ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए.
हार्दिक पांड्या का ऑलराउंडर खेल
भारत के लिए हार्दिक पांड्या की बॉलिंग क्यों जरूरी है इसका उदाहरण एक बार फिर उनकी परफॉर्मेंस ने ही बता दिया.उन्होंने मिडल ओवरों में पाकिस्तान को 3 करारे झटके दिए, जिसके दम पर पाकिस्तान बड़े स्कोर की ओर बढ़ ही नहीं पाया. पाकिस्तान की टीम सिर्फ 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

हालांकि टीम इंडिया को पाकिस्तान की बेहतरीन बॉलिंग ने इस छोटे से लक्ष्य में भी फंसा दिया था. लेकिन राहत की बात रही कि हार्दिक ने बैटिंग में भी एक छोर को संभाले रखा और अंत तक बल्लेबाजी की. हार्दिक पहले मैच को धीरे-धीरे जीत के करीब ले गए और फिर उन्होंने अंतिम ओवरों में गियर बदले और चौके-छक्के जड़कर भारत को जीत दिला दी. उन्होंने 17 गेंदों में 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए. उन्हें शानदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

विराट कोहली ने संभाला पहला हाफ
विराट कोहली भले अपनी फॉर्म से जूझ रहे हों. लेकिन अपने करियर का 100वां टी20 खेल रहे कोहली को आज पहले ही ओवर में बल्लेबाजी पर उतरना पड़ा. वह 10वें ओवर तक क्रीज पर रहे और उन्होंने 34 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 35 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट्स भी खेले. हालांकि जब वह आउट हुए तो भारत पर दबाव बढ़ा था लेकिन उन्होंने पहले हाफ में भारत की पारी को पटरी पर बनाए रखा.

रवींद्र जडेजा ने भी निभाया साथ
भारत की ओर से दूसरे ऑलराउंडर के रूप में लेफ्टआर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा को चुना गया था. जड्डू ने पहले 2 ओवर में सिर्फ 11 रन दिए और जब बैटिंग में टीम को उनकी जरूरत थी, तब नंबर 4 पर आकर उन्होंने भारत के लिए धैर्य दिखाते हुए एक छोर संभाला. जडेजा अंतिम ओवर में बोल्ड जरूर हुए लेकिन तब तक वह हार्दिक के साथ मिलकर उन्होंने 5वें विकेट के लिए 51 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. जड्डू ने 34 गेंदों में 2 चौके, 2 छक्के जड़कर भारत की जीत में अहम रोल अदा किया.

दिनेश कार्तिक ने विकेट के पीछे दिखाया जलवा
मैच की शुरुआत में ही जब रोहित शर्मा ने यह बताया कि इस मैच में ऋषभ पंत को नहीं बल्कि दिनेश कार्तिक को मौका दिया गया है, तो कई जानकार हैरान थे. लेकिन डीके को बैटिंग का ज्यादा मौका तो नहीं मिला लेकिन विकेट के पीछे उन्होंने 3 कैच लपके. डीके को इस मैच का बेस्ट कैच पकड़ने का अवॉर्ड भी मिला.

Exit mobile version