Site icon Samagra Bharat News website

कोविड अपडेट: देश में कोरोना के नए मामलों में उतारृ चढ़ाव के बीच 7,946 कोविड मरीज, सक्रिय मरीजों की संख्या घटी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1 सितंबर। भारत में कोविड-19 के 7,946 नए मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,44,36,339 हो गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 62,748 रह गयी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 37 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,27,911 हो गयी है। मौत के इन मामलों में केरल द्वारा पुनर्मिलान किए गए 12 मामले भी शामिल हैं।

आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.14 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.67 प्रतिशत हो गयी है। बीते 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,919 की कमी दर्ज की गयी है।

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।

Exit mobile version