Site icon Samagra Bharat News website

सीएम नीतीश का दिल्ली दौरा ,राहुल गाँधी के बाद केजरीवाल और येचुरी से की मुलाकात

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6सितंबर।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुलाकात की. कुमार की इस मुलाकात के सियासी मायने साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष को एकजुट करना लगाए जा रहे हैं. दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और JDU नेता संजय झा भी मौजूद थे. केजरीवाल से पहले कुमार ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी.राजा से भी उनके पार्टी दफ्तरों में मुलाकात की थी, कुमार का दोपहर में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला से भी मिलने का कार्यक्रम है.

अरविंद केजरीवाल ने नीतीश कुमार से मुलाकात करने के बाद बीजेपी पर निशाना साधते हुए बिना बोले अपना समर्थन जता दिया. उन्होंने ट्वीट कर बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा व स्वास्थ्य के अलावा ऑपरेशन लोटस, खुलेआम MLA की ख़रीद फ़रोख़्त करके जनता द्वारा चुनी सरकारों को गिराना, भाजपा सरकारों का बढ़ता निरंकुश भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोज़गारी पर चर्चा हुई.

JDU नेता सभी विपक्षी दलों को साल 2024 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मिलकर मुकाबला करने के लिए एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं और उनका खास जोर समाजवादी बैकग्राउंड की पार्टियों को एकसाथ लाने पर है. पिछले महीने भाजपा से नाता तोड़ने वाले कुमार ने कहा था कि उनका एकमात्र लक्ष्य BJP को केंद्र की सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष को एकजुट करना है.

नीतीश कुमार से जब प्रधानमंत्री उम्मीदवारी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने दो टूक कहा कि वह प्रधानमंत्री बनने की इच्छा नहीं रखते हैं, उनकी कोशिश सिर्फ बीजेपी के खिलाफ पूरे विपक्ष को एक साथ लाना है. नीतीश कुमार ऐसे समय दिल्ली के दौरे पर आए हैं जब कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्ष 2024 में होने वाले चुनाव के लिए वह विपक्ष के प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार हो सकते हैं.

Exit mobile version