Site icon Samagra Bharat News website

डायमंड लीग 2022 के फाइनल में पहले स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, पीएम मोदी ने दी बधाई

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 9सितंबर। नीरज चोपड़ा ने गुरुवार को ज्यूरिख में डायमंड लीग फाइनल में पहला स्थान हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। नीरज चोपड़ा डायमंड लीग ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने 88.44 मीटर भाला फेंक चेक गणराज्य के जैकब वादलेच्चो को पछाड़ा। उन्होंने पांचवें प्रयास में 86.94 मीटर भाला फेंका।

नीरज की पहली थ्रो फाउल गई, जबकि दूसरी थ्रो ने 88.44 मीटर की दूरी नापी, जो उन्हें खिताब दिलाने के लिए काफी थी। नीरज ने तीसरी थ्रो 88, चौथी 86.11, पांचवीं 87 और छठी अंतिम थ्रो 83.6 मीटर फेंकी। वादलेच्चो ने नीरज के साथ ओलंपिक में पदक जीता था।

जर्मनी के जूलियन वेबर 83.73 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस जीत के साथ नीरज ने 23.98 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की साथ ही डायमंड ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया। जीत के बाद नीरज ने ट्रॉफी के साथ तिरंगे को ओढ़ लिया। इसके बाद सभी विजेताओं को डायमंड ट्रॉफी के साथ ट्रैक पर कार से घुमाया गया, जिसमें नीरज भी शामिल थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रतिष्ठित डायमंड लीग ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय होने पर नीरज चोपड़ा को एक बार फिर से इतिहास रचने के लिए बधाई दी है।

एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा;

“प्रतिष्ठित डायमंड लीग ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय होने पर @Neeraj_chopra1 को एक बार फिर से इतिहास रचने के लिए बधाई। उन्होंने महान समर्पण और निरंतरता का प्रदर्शन किया है। उनकी बार-बार की सफलताओं से पता चलता है कि भारतीय एथलेटिक्स शानदार प्रगति कर रहा है।”

Exit mobile version