समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29सितंबर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को कहा, “जरूरतमंद लोगों की सेवा करने से ज्यादा धार्मिक कुछ नहीं है।” उन्होंने लोगों से अपनी क्षमता के अनुरूप समाज को वापस देने का अनुरोध किया।
उपराष्ट्रपति ने कृत्रिम अंग (जयपुर फुट) फिटमेंट शिविर लगाने के लिए सीरिया जाने वाले भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बीएमवीएसएस) के आठ लोगों की टीम को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीम सीरिया के दमिश्क में एक शिविर स्थापित करेगी, जिससे आने वाले 42 दिनों में दिव्यांगों को 600 कृत्रिम अंग प्रदान किए जा सकें।

धनखड़ ने सीरिया में मिशन शुरू करने के साहस के लिए इस टीम की सराहना और उनके प्रयासों में सफलता की कामना की। उन्होंने बीएमवीएसएस की टीम, जिसका नेतृत्व इसके संस्थापक डी.आर. मेहता ने किया और इसके कुछ लाभार्थी, जिन्होंने जयपुर फुट का उपयोग किया हुआ था, के साथ बातचीत की।
गौरतलब है कि 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिलीपींस में बीएमवीएसएस के एक ऐसे केंद्र का दौरा किया था। इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने 2019 में वियतनाम के हनोई में बीएमवीएसएस के एक फिटमेंट शिविर का उद्घाटन किया था।