Site icon Samagra Bharat News website

गुजरात दौरे का अंतिम दिन: एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए पीएम मोदी ने रुकवाया काफिला, यहां देखें वीडियो

समग्र समाचार सेवा
अहमदाबाद, 30सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रुकवाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक दो दिवसीय गुजरात दौरे के अंतिम दिन पीएम मोदी ने अहमदाबाद से गांधीनगर लौटते समय एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपने काफिले को रुकवाया.

वीडियो में प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल दो एसयूवी दिखाई दे रही हैं, और ये एसयूवी अहमदाबाद-गांधीनगर मार्ग पर एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए धीरे-धीरे बाईं ओर जा रही थीं. यह घटना उस समय हुई जब पीएम मोदी दोपहर में अहमदाबाद में दूरदर्शन केंद्र के पास अपनी जनसभा समाप्त करने के बाद गांधीनगर में राजभवन जा रहे थे. भाजपा की गुजरात इकाई ने एक बयान में कहा, ‘अहमदाबाद से गांधीनगर जाते वक्त एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का काफिला रुक गया.’

गुजरात की अपनी यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को यहां थलतेज और वस्त्राल के बीच अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया और इसमें सफर भी किया. प्रधानमंत्री ने मेट्रो ट्रेन के पूर्वी-पश्चिमी गलियारे के कालूपुर स्टेशन पर परियोजना का उद्घाटन किया.

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखायी. पीएम मोदी शाम को एक जनसभा को संबोधित करने और प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में आरती करने के लिए बनासकांठा जिले जायेंगे.

Exit mobile version