Site icon Samagra Bharat News website

अगरतला पहुंची राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, त्रिपुरा राज्‍य न्‍यायिक अकादमी का किया उद्घाटन

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 12अक्टूबर। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू त्रिपुरा और असम के तीन दिन की यात्रा पर आज सुबह अगरतला पहुंची। राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण, मुख्‍यमंत्री डॉक्‍टर मानिक शाह और केन्‍द्रीय सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता राज्‍य मंत्री प्रतिमा भौमिक ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। इस वर्ष राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मु की किसी पूर्वोत्‍तर राज्‍य की यह पहली यात्रा है। राष्ट्रपति ने आज अगरतला में नरसिंहगढ़ में त्रिपुरा राज्य न्यायिक अकादमी का उद्घाटन किया और त्रिपुरा राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। शाम को राष्ट्रपति मुर्मु, त्रिपुरा सरकार द्वारा उनके सम्मान में टाउन हॉल, अगरतला में आयोजित एक नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगी।

द्रौपदी मुर्मू कल अगरतला रेलवे स्‍टेशन से गुवाहाटी-कोलकाता-गुवाहाटी रेलगाड़ी के अगरतला तक विस्‍तार और मणिपुर के खोंगसांग तक अगरतला-जिरिबाम जनशताब्‍दी एक्‍सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, राष्ट्रपति असम जाएंगी। वे आईआईटी गुवाहाटी में विभिन्न परियोजनाओं का वर्चुअल माध्‍यम से उद्घाटन करेंगी और आधारशिला रखेंगी। शाम को, श्रीमती मुर्मु गुवाहाटी के असम प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज में उनके सम्मान में आयोजित एक नागरिक अभिनंदन और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगी।

शुक्रवार को, राष्ट्रपति केन्‍द्र और राज्‍य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का वर्चुअली उद्घाटन और आधारशिला रखेंगी। वह गुवाहाटी से लुमडिंग के लिए एक ट्रेन को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

Exit mobile version