Site icon Samagra Bharat News website

हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए सीएपीएफ की 67 कंपनी की मांग

समग्र समाचार सेवा
शिमला, 15अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव कार्यालय ने राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 67 कंपनी की मांग की है। यह जानकारी राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनीष गर्ग ने शुक्रवार शाम को दी। उन्होंने मीडिया को बताया कि 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सीएपीएफ की 65 कंपनी को तैनात किया गया था। सीईओ ने कहा कि राज्य चुनावों के लिए अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। दस्तावेजों की जांच 27 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर होगी। मतदान 12 नवंबर को होगा जबकि मतगणना 8 दिसंबर को होगी। चुनाव में अब तक 55,74,793 लोग मतदान करने के पात्र हैं। राज्य में 68 विधानसभा सीट हैं।

प्रदेश में विधानसभा की 68 में से 17 सीटें अनुसूचित जाति और तीन सीटें अनुसूचित जनजातिके लिए आरक्षित रहेंगी। इस बार के चुनाव में हिमाचल में 55,74,793 कुल मतदाता हैं। इनमें 55,07,261 सामान्य, 67,532 सर्विस वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल पुरुष मतदाता 28,46,201, महिला मतदाता 27,28,555 हैं। 18 प्लस उम्र वाले 43,173 मतदाता, दिव्यांग 56,001, थर्ड जेंडर 37 और 80 प्लस वाले 1.22 लाख मतदाता हैं। सौ से अधिक आयु वर्ग के वोटरों की संख्या 1,184 है।

Exit mobile version