Site icon Samagra Bharat News website

कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष आनंद ममानी का निधन, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली ,२३ अक्टूबर। कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष आनंद ममानी का आज निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। परिवार के लोगों ने बताया, ममानी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें डायबटीज थी और लीवर में संक्रमण था। रविवार को उन्होंने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना के बाद मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अस्पताल पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बोम्मई ने ट्वीट किया, हमारी पार्टी के विधायक और राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष आनंद चंद्रशेखर ममानी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष आनंद ममानी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

एक ट्वीट में, प्रधानमंत्री ने कहा:

“कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री आनंद ममानी के निधन से दुखी हूं। वह एक मजबूत नेता थे, जिन्होंने बड़े पैमाने पर सामाजिक सशक्तिकरण के लिए काम किया। उन्होंने पूरे कर्नाटक में बीजेपी को मजबूत करने के लिए भी काम किया। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”

Exit mobile version