Site icon Samagra Bharat News website

अमृत ​​काल एक नया भारत, सरदार पटेल के सपनों का भारत के निर्माण का काल है: डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय

समग्र समाचार सेवा
हरिद्वार, 1नवंबर। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने आज हरिद्वार के भेल स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस 2022 के समारोह का नेतृत्व किया। केंद्रीय मंत्री ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लिया और दर्शकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज पूरा देश हमारे देश में एकता स्थापित करने में सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान का जश्न मना रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना हमारे देश की अखंडता में हमारे विश्वास का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की अदम्य भावना और राजनीतिक चतुराई ने भौगोलिक, सांस्कृतिक और सभ्यता से बंधे हुए एक अखंड भारत का निर्माण किया।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का दृष्टिकोण एक मजबूत, समावेशी और विकसित भारत बनाना था। उनके लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार हमारे संस्थापकों के विजन को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। आधुनिक बुनियादी सुविधाएं हमारी भौगोलिक और सांस्कृतिक दूरियों को मिटा रही है। इससे धीरे-धीरे देश के कोने-कोने तक पहुंचना आसान हो गया है।

उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि एकता की कमी नए राष्ट्रीय संकटों को जन्म देती है और हमारा सामूहिक प्रयास देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है। उन्होंने कहा कि अमृत काल नए भारत, सरदार पटेल के सपनों का भारत के निर्माण का काल है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के एकीकृत प्रयास के परिणामस्वरूप देश में कोविड वैक्सीन की अभूतपूर्व 200 करोड़ खुराक दी गई है और बड़े पैमाने पर वेंटिलेटर और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अखंड भारत से ही आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।
सभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भेल अधिकारियों के साथ उनकी बैठक विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ किसी प्रकार की बाधाओं का पता लगने पर उसे दूर करने के लिए आयोजित की गई है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट रूप से अफवाहों का खंडन किया कि सरकार भेल का निजीकरण करना चाहती है, उन्होंने कहा कि भेल का भविष्य पहले से कहीं ज्यादा उज्‍ज्‍वल है।

समारोह के दौरान हरिद्वार से सांसद रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ भी मौजूद थे।

Exit mobile version