Site icon Samagra Bharat News website

मोरबी केबल ब्रिज हादसे के बाद गुजरात में 2 नवंबर को राजकीय शोक का ऐलान

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1नवंबर। गुजरात के मोरबी पुल हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम गांधीनगर में हाईलेवल मीटिंग बुलाई। पीएम ने कहा कि पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाए। बैठक में हादसे पर शोक व्यक्त करने के लिए 2 नवंबर को गुजरात में राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया। इस दिन राज्य में सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी और चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी समेत तमाम सीनियर ऑफिसर्स मौजूद रहे। PM मोदी आज दोपहर बाद मोरबी जाएंगे।

पुलिस ने हादसे के आरोपियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को पुल का रखरखाव करने वाली ओरेवा कंपनी के 2 मैनेजर, ब्रिज की रिपेयरिंग करने वाले दो कॉन्ट्रैक्टर, दो टिकट क्लर्क और तीन सिक्योरिटी गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया। इस हादसे के बाद अहमदाबाद के अटल ब्रिज के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। यहां 1 घंटे में 3000 लोग ही जा सकेंगे। यह अलर्ट अहमदाबाद नगर निगम ने जारी किया है।

राजकोट रेंज के आईजी अशोक कुमार ने सोमवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 50 लोगों की टीम पुल हादसे की जांच में जुटी है। पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि इसके लिए जिम्मेदार बड़े लोगों को कब गिरफ्तार किया जाएगा। इस सवाल पर आईजी ने कहा- अभी तक जिनकी भूमिका सामने आई, उन्हें गिरफ्तार किया गया। जैसे-जैसे नाम सामने आते जाएंगे और गिरफ्तारियां होती जाएंगी।

Exit mobile version