समग्र समाचार सेवा
रायपुर, 2नवंबर। 31 अक्टूबर को एम्स रायपुर ने पिछले कुछ वर्षों में चिकित्सा, अनुसंधान और शैक्षणिक गतिविधियों में विशेष उपलब्धि हासिल की है और देश में स्वास्थ्य क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उक्त बातें राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज एम्स रायपुर के वार्षिकोत्सव ‘‘ओराएना 2022‘‘ के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से कहीं। इस दौरान एम्स रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से नाटक व नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। राज्यपाल ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने, मनोरोग को नजरअंदाज न करने और इसके रोगियों से संवेदनशील व्यवहार करने का आग्रह किया। इस अवसर पर राज्यपाल और एम्स के चिकित्सकों ने संस्थान के वार्षिक स्मारिका का विमोचन किया।

राज्यपाल ने आगे कहा कि उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलने से छत्तीसगढ़ और आस-पास के क्षेत्रवासियों के लिए एम्स रायपुर किसी वरदान से कम नहीं है। साथ ही संस्थान में प्रतिवर्ष हजारों विद्यार्थी मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर चिकित्सक बन रहे हैं, जिससे बेहतर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो पा रही है। उन्होंने कहा कि एक संस्थान के रूप में यह उपलब्धि भारत में स्वास्थ्य सुविधा के बढ़ते दायरे का सशक्त उदाहरण है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि चिकित्सक के रूप में आपके भावी जीवन में कई ऐसे मौके आएंगे, जब आपके प्रयासों से किसी की जान बचेगी या उनकी शारीरिक परेशानी दूर होगी, तभी वास्तव में आपको आत्मसंतुष्टि मिलेगी और इस पेशे के महत्व को समझ पाएंगे। उन्होंने आमजनों को सस्ता, सुगम और बेहतर इलाज कैसे मिले, इस दिशा में प्रयास करने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत चिंता व्यक्त करते हुए एम्स प्रबंधन से आग्रह किया कि वे इस आशय से आसपास के गांव और स्कूलों में जागरूकता शिविर का आयोजन करें। युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या, शारीरिक गतिविधि और स्वच्छता के फायदों की जानकारी दें। राज्यपाल ने कोविड-19 के आपदा को स्मरण करते हुए कहा कि इस कठिन समय में डॉक्टरों ने हमारा हौसला बनाये रखा। सेवा की जो शपथ आप सभी ने ली थी उसका अक्षरशः पालन कर कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के अर्थ को पूरे देश को समझाया है।
उन्होंने एम्स रायपुर के डायरेक्टर डॉ. नितिन एम. नागरकर के समर्पित कार्यशैली की भी प्रशंसा की और आगे स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान और बेहतर कार्य करने को कहा।
इस दौरान एम्स प्रबंधन ने राज्यपाल सुश्री उइके को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।