Site icon Samagra Bharat News website

मध्यप्रदेश में बस और कार की टक्कर में दो बच्चों समेत 11 मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

समग्र समाचार सेवा
बैतुल, 4नवंबर। मध्यप्रदेश में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई,जबकि एक व्यक्ति गंभीर है। हादसा बैतूल जिले के झल्लार थाने के पास हुआ। रात करीब सवा दो बजे एक टवेरा कार की खाली बस से जा टक्कराई हादसे में 11 मजूदरों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा चालक गंभीर रूप से घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में पांच पुरुष, चार महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। सभी मृतकों के शव झल्लार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए हैं। सभी मृतक इसी गांव के रहने वाले थे। घटनास्थल से इस गांव की दूरी महज एक किमी है। बैतूल एसपी सिमला प्रसाद ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि सभी लोग अमरावती के एक गांव में बैतूल के झल्लार से 20 दिन पहले मजदूरी करने गए थे, सभी लोग गुरुवार रात करीब 9 बजे अमरावती से झल्लार के लिए रवाना हुए थे, रात करीब सवा दो बजे का चालक को झपकी लगी और कार सीधे बस में जा घुसी, हादसा काफी भीषण था, सभी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

कार के परखच्चे उड़ गए हैं। कार की तस्वीर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुर्घटना काफी भयावह रही होगी। हादसे के बाद कार को काटकर शवों को निकालना पड़ा। हादसे की जानकारी लगते ही एसपी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। एसपी और डीएम ने पीड़ित परिवारों को शासन के नियमानुसार सहायता राशि देने की बात कही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बैतूल में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से पीड़ितों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा भी की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;
“बैतूल, एमपी में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत से दुखी हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे: पीएम”

Exit mobile version