Site icon Samagra Bharat News website

कांग्रेस की ख़ुद कोई गारंटी नहीं, उनकी गारंटी कौन मानेगा: अनुराग ठाकुर

समग्र समाचार सेवा
शिमला, 6नवंबर। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद व केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने चिंतपूर्णी विधानसभा में 3 व नादौन विधानसभा में 5 जनसभाओं के दौरान कांग्रेस पार्टी द्वारा जनता को दी जा रही गारंटीयों को झूठा बताते हुए कहा कि कांग्रेस की ख़ुद कोई गारंटी नहीं है तो उनकी कौन गारंटी मानेगा।

श्री अनुराग ठाकुर ने आज अपने प्रचार के दौरान कांग्रेस को आईना दिखाने का काम ​भी किया। उन्होंने याद दिलाया कि ”2003 में कांग्रेस ने आपसे फॉर्म भरवाए और कहा कि हर परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी ​मिलेगी। मिली क्या? नहीं मिली। 2012 में फिर से फॉर्म लेकर आए और कहा कि बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। मिला? नहीं मिला। न रोजगार दिया, न बेरोजगारी भत्ता दिया।” उन्होंने कहा कि यह केवल हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस की कहानी नहीं है। पंजाब में सरकार बनाने से पहले इन्होंने पर्चे भरवाए थे कि किसानों के कर्ज माफ करेंगे। किसानों के कर्ज भी माफ ​नहीं किये। फिर किसानों ने भी कांग्रेस को माफ नहीं, साफ करने का ही काम किया था।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आज कांग्रेस की दशा पर चुटकी लेने के अंदाज में दिखे। उन्होंने कहा कि वह कई बार कांग्रेस की दशा पर मन ही मन सोचने को मजबूर हो जाते हैं। श्री ठाकुर के मुताबिक आज कांग्रेस में ‘न नेता है, न नीयत है, न नीतियां हैं। मुख्यमंत्री के पद की बात करें तो ऐसा लगता है कि एक अनार, सौ बीमार। 12 जिलों में 12 अलग-अलग लोग मुख्यमंत्री बनते फिर रहे हैं। हर कोई अपनी सीट इसलिए निकालना चाहता है कि बस मैं ही अगला मुख्यमंत्री बनूंगा।’

अपनी जनसभाओं में श्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को लेकर भ्रष्टाचार के मामलों की फिर याद दिलाई। उन्होंने कहा ”2014 से पहले के कांग्रेस के 10 सालों के शासनकाल में घोटाले पे घोटाले थे। 2G घोटाला, 3G घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, कोयला घोटाला, अंतरिक्ष घोटाला, सबमरीन घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला।” उन्होंने कहा कि हमने 2014 में आपसे वादा किया था कि सत्ता में आएंगे तो भ्रष्टाचार मुक्त शासन देंगे, सुशासन युक्त सरकार देंगे। आज मैं सीना ठोककर, सिर ऊंचा करके और आंखों में आंखें डालकर कह सकता हूं कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन अगर किसी ने दिया है तो नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने दिया है।

Exit mobile version