Site icon Samagra Bharat News website

राजस्थान: किचन में घुसा तेंदुआ, जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते रहे लोग, वन विभाग की टीम ने किया काबू

समग्र समाचार सेवा
कोटा, 7 नवंबर। राजस्थान के कोटा में एक घर पर शनिवार सुबह तेंदुआ घुस गया। वह किचन में जाकर बैठ गया। रसोई में तेंदुए को देख घर में रहने वाले व्यक्ति और उसकी पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। वे अपनी जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते रहे और तेंदुआ किचन में बैठा गुर्राता रहा।

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइज करके तेंदुए को काबू किया। उसे अभेडा बायोलॉजिकल पार्क ले जाया गया। लेकिन, तब तक वह चार लोगों को पंजा मारकर घायल कर चुका था। सुबह 5 बजे महावीर नगर कॉलोनी के शिव ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के आसपास के इलाके में तेंदुआ देखा गया था।

उसने यहां अलग-अलग जगहों पर 4 लोगों पर हमला किया। लोगों का शोर सुनकर वह एक घर की छत पर चढ़ गया था। यहां से सीढ़ियों के सहारे उतरकर घर के किचन में पहुंचा। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो तेंदुआ किचन में ही था। टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर बेहोश किया, इसके बाद डंडे में कपड़ा बांधकर उसकी आंखों के पास ले जाकर यह श्योर किया कि वह बेहोश हो गया है।

इसके बाद उसे वहां से ले जाया गया।जिस घर में तेंदुआ घुसा था, उसमें रहने वाली ऊषा नंदवाना ने बताया- हम करीब ढाई घंटे तक कमरे में कैद रहे। मैं घर का काम कर रही थी। पति दूसरे कमरे में थे, तभी गुर्राने की आवाज आई। देखा तो वहां तेंदुआ था। वह सीधा किचन में घुस गया। हम पति-पत्नी एक कमरे में गए और दरवाजा बंद लिया। मदद के लिए आवाज लगाई फिर पड़ोसियों और रिश्तेदारों को फोन किया।

Exit mobile version