Site icon Samagra Bharat News website

कर्नाटक हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस ऋतुराज अवस्थी ने ग्रहण किया विधि आयोग के नये अध्यक्ष का कार्यभार

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10नवंबर। कर्नाटक उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रितु राज अवस्थी ने आज भारत के विधि आयोग के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके साथ – साथ केरल उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति के.टी. शंकरन और तमिलनाडु के मदुरै के अधिवक्ता श्री एम. करुणानिथि ने भी क्रमशः विधि आयोग के सदस्य एवं अंशकालिक सदस्य के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।

बता दें कि न्यायमूर्ति रितु राज अवस्थी हाल ही में उस न्यायाधीश के रूप में सुर्खियों में थे, जिसने हिजाब पर फैसला सुनाने वाली कर्नाटक उच्च न्यायालय की पीठ का नेतृत्व किया था।

3 जुलाई 1960 को जन्मे मुख्य न्यायाधीश अवस्थी ने 1986 में लखनऊ विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद, उन्होंने 1 फरवरी, 1987 को एक वकील के रूप में नामांकन किया।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के लखनऊ खंडपीठ में सिविल, सेवा और शैक्षिक मुकदमेबाजी में उनके अभ्यास के बाद, उन्हें न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने से पहले भारत का सहायक सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था।

उन्हें 13 अप्रैल, 2009 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था, और 24 दिसंबर, 2010 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। उन्हें 11 अक्टूबर, 2021 को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।

वह इसी साल 2 जुलाई को पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

Exit mobile version