Site icon Samagra Bharat News website

टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी की रैली से पहले पूर्वी मेदिनीपुर में विस्फोट, 3 की मौत

समग्र समाचार सेवा
मेदिनीपुर, 3दिसंबर। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी की रैली के स्थान के पास हुए विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी.पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना कोनटाई शहर से 1.5 किमी दूर भूपतिनगर इलाके में हुई, जहां टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं.अधिकारी ने कहा, ‘‘शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे एक घर में धमाका हुआ और शनिवार सुबह दो शव बरामद किए गए.इस घटना में कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, धमाके वाली जगह के पास पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के पैतृक आवास भी है. यह घटना तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष रामकुमार मन्ना के घर पर हुई, जिसमें उनकी भी मौत हो गई. विस्फोट में मारे गए अन्य दो लोगों की पहचान राजकुमार और बिस्वजीत गायेन के चचेरे भाई देबकुमार मन्ना के रूप में हुई. विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों को पश्चिमी मिदनापुर जिले के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.

उपखंड अनुमंडल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘विस्फोट के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और आगे की जांच चल रही है, लेकिन धमाका इतना जोरदार था कि इस घटना में फूस की छत वाला मिट्टी का घर उड़ गया.’’ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर नमूने एकत्र करेगी.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने इस घटना के लिए टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि “राज्य में केवल बम बनाने का उद्योग फल-फूल रहा है”. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता सुजान चक्रवर्ती ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐसी घटनाओं पर चुप क्यों हैं और उन्हें इस घटना पर बयान देना चाहिए.टीएमसी के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि विपक्ष के लिए बिना किसी सबूत के पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी को दोष देना बहुत आसान है.

(इनपुट-भाषा)

Exit mobile version