Site icon Samagra Bharat News website

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: कुमारी सैलजा को बनाया महासचिव, शक्ति सिंह गोहिल हरियाणा के पार्टी प्रभारी नियुक्त

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6दिसंबर। कांग्रेस ने पार्टी में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा को पार्टी का महासचिव नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। कांग्रेस ने अजय माकन की जगह पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान का पार्टी प्रभारी बनाया है। राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल को हरियाणा का पार्टी प्रभारी नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष सैलजा को पीएल पुनिया की जगह छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।

सैलजा ने पीएल पुनिया की जगह ली, जबकि रंधावा ने राजस्थान में अजय माकन की जगह ली और गोहिल हरियाणा के प्रभारी के रूप में विवेक बंसल की जगह आए हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ये बदलाव हुए हैं। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक संदेश में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में ये नियुक्तियां की हैं।

इसमें कहा गया है कि पार्टी अजय माकन, पीएल पुनिया और विवेक बंसल के योगदान की सराहना करती है और उन्हें उनके संबंधित राज्यों के महासचिव और प्रभारियों के रूप में उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों से मुक्त करती है। आदेश में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरदीप सिंह सप्पल को प्रभारी, प्रशासन, पवन कुमार बंसल के साथ अटैच किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री बंसल वर्तमान में पार्टी के कोषाध्यक्ष हैं और प्रशासन का प्रभार भी संभाले हुए हैं।

Exit mobile version