Site icon Samagra Bharat News website

चक्रवाती तूफान मैंडूस ने मचाई बड़ी तबाही, कहीं गिरी दीवार कहीं उखड़े पेड़..

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10दिंसबर। चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ ने शुक्रवार की देर रात तमिलनाडु के मामल्लपुरम के निकट दस्तक दी, जिससे तटीय तमिलनाडु में मध्यम से भारी बारिश हो रही है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख एस. बालाचंद्रन ने कहा, ‘‘चक्रवाती तूफान के दस्तक देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, यह जारी है.’’
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से कई तटीय क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई. बारिश की वजह से कई जगह पर बड़े पेड गिर गए हैं.

तूफान और बारिश की वजह से 3 घंटे में लगभग 65 पेड़ गिर गए हैं. तूफान के कारण मदुरंथकम, ईसीआर और ओएमआर में कई पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए हैं. इससे यातायात बाधित हो गया है. जीसीसी उन्हें हटाने के उपाय कर रही है.

तमिलनाडु के तटीय इलाकों में हो रही भारी बारिश की वजह से जलजमाव भी हो गया है. पानी निकालने के लिए मोटर पंपों का उपयोग किया जा रहा है.

बारिश से चेन्नई के एग्मोर में एक फ्यूल स्टेशन की छत गिर गई. उसके परिसर में लगा पेड़ भी गिर गया है. अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं आई है.

चक्रवाती तूफान तट से टकराया उस समय अधिकतम 6575 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. भारी बारिश की वजह से एक घर की दीवार गिर पड़ी.
आईएमडी ने पहले से ही 10 दिसंबर को उत्तरी तमिलनाडु और रायलसीमा और दक्षिण आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया था. 11 दिसंबर को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तूफान की वजह से पहले ही कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है.

चक्रवाती तूफान मैंडूस की वजह से चेन्नई और कुड्डालोर सहित 16 जिलों में स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. इसके अलावा कॉलेज और यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं.

चेन्नई के टी नगर इलाके में एक दीवार गिर गई और उसके पास खड़ी तीन कारों को गंभीर नुकसान पहुंचा, घटना के वक्त कारों में कोई मौजूद नहीं था.

Exit mobile version