समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 16दिसंबर। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ को पत्र लिखा है. स्वाति मालीवाल ने पत्र के माध्यम से कहा कि आज संसद की रूटीन कार्यवाही को स्थगित कर महिला अपराध और सुरक्षा पर चर्चा की जाए. उन्होंने कहा कि आज निर्भया गैंगरेप केस के 10 साल पूरे हो रहे हैं.दुख की बात है कि आजतक कुछ नहीं बदला. स्वाति ने संसद के दोनों सदनों में महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध पर चर्चा कराने की मांग की है.
स्वाति मालीवाल ने लोकसभा व राज्यसभा स्पीकर को कहा कि जैसा कि आप जानते ही होंगे आज निर्भया की दसवीं बरसी है. दिसंबर 2012 में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था. इस घटना ने देश की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया था. इसके फलस्वरूप भारी विरोध प्रदर्शन हुआ था. इसकी वजह से कई कानून बने और कुछ कानून कड़े किए गए. हालांकि, इस भीषण घटना को 10 साल बीत चुके हैं और देश में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं.
स्वाति मालीवाल ने दिल्ली में महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों के आंकड़ों की जानकारी देते हुए कहा कि हर दिन राष्ट्रीय राजधानी में 6 बलात्कार की सूचना मिलती है. दिल्ली में एक 8 महीने की बच्ची और एक 90 वर्षीय महिला के साथ भी बलात्कार हुआ है. दो दिन पहले एक 17 वर्षीय लड़की जा रही थी. दिल्ली के द्वारका में उसके स्कूल में जब दो बाइक सवारों ने उस पर तेजाब फेंक दिया. वह गंभीर रूप से झुलस गई है और वर्तमान में गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का पूरी तरह से उल्लंघन करते हुए पूरे देश में खुलेआम तेजाब बेचा जा रहा है. देश के सभी हिस्सों से इसी तरह के भयानक मामले सामने आ रहे हैं.

