Site icon Samagra Bharat News website

विश्व कप जीतने के बाद बोले लियोनल मेसी, अर्जेंटीना की जर्सी में खेलना जारी रखना चाहता हूं

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19दिसंबर। कतर में खेले गए फीफा विश्व कप फाइनल में फ्रांस को हराकर अर्जेटीना 36 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बना और इस जीत के साथ स्टार फुटबॉलर लियोनल मेस्सी का पुराना सपना भी पूरा हुआ. मेस्सी जिन्होंने अर्जेटीना के फाइनल में पहुंचने के बाद ऐलान किया था कि ये उनका आखिरी विश्व कप होगा, के लिए इससे बेहतर विदाई शायद नहीं हो सकती थी. हालांकि खिताबी जीत के बाद मेस्सी ने कहा कि वो अभी संन्यास नहीं लेना चाहते और एक विश्व कप चैंपियन के तौर पर अर्जेंटीना के लिए खेलते रहना चाहते हैं.

मेस्सी ने खेल के बाद टीवाईसी स्पोर्ट से कहा, “नहीं, मैं राष्ट्रीय टीम से रिटायर नहीं होने जा रहा हूँ. मैं अर्जेंटीना की जर्सी में विश्व कप चैंपियन के रूप में खेलना जारी रखना चाहता हूं,”

उन्होंने कहा, “ये अविश्वसनीय है. मुझे पता था कि भगवान मुझे विश्व कप देने जा रहे हैं, मुझे यकीन था – ये हमारे लिए एक बड़ी खुशी थी. मेरा लंबे समय से ये बड़ा सपना था, मैं अपने करियर को विश्व कप के साथ खत्म करना चाहता था. मैं इससे ज्यादा नहीं मांग सकता.”

फाइनल मुकाबले के दौरान पहला हाफ अर्जेटीना के नाम रहा तो दूसरा हाफ पर फ्रांस ने कब्जा किया. 90 मिनट तक मैच 2-2 की बराबरी पर रहने पर अर्जेटीना और फ्रांस के बीच चल रहा ये एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा.

एक्स्ट्रा टाइम के पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ लेकिन दूसरे हाफ में लियोनल मेसी ने गोल दागकर अर्जेटीना को 3-2 से बढ़त दिलाई. जिसके कुछ ही देर बाद किलियन एम्बाप्पे ने पेनल्टी का फायदा उठाते हुए गोल किया और स्कोर एक बार फिर 3-3 से बराबर हो गया. इसके बाद विश्व कप का नतीजा पेनल्टी शूटआउट के जरिए निकला. जहां मेसी की अर्जेटीना ने 4-2 से मैच अपने नाम कर लिया.

Exit mobile version