Site icon Samagra Bharat News website

मुंबई इंडियंस का सबसे महंगा खिलाड़ी हुआ चोटिल, साढ़े 17 करोड़ रूपये की लगी थी बोली

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 28 दिसंबर। मुंबई इंडियंस के सबसे महंगे खिलाड़ी और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद से ही चर्चा में हैं. लीग की सबसे सफल टीम ने ग्रीन पर साढ़े 17 करोड़ रूपये की सफल बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा. हालांकि अब फ्रेंचाइची के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है. मुंबई इंडियंस का सबसे महंगा खिलाड़ी चोटिल हो गया है.

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के उंगली में फ्रैक्चर हुआ है औक अब वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट और बिग बैश लीग (बीबीएल) से भी बाहर हो गए हैं. वह अब सीधा भारत दौरे पर नजर आ सकते हैं. ग्रीन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एमसीजी में जारी दूसरे टेस्ट में उंगली में चोट लग गई थी और फिर इसके बाद उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया, जहां फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ग्रीन को फिट होने में अभी कुछ समय लगेगा.

ग्रीन अब भारत दौरे तक खुद को फिट कर लेना चाहेंगे क्योंकि इसके बाद उन्हें आईपीएल में भी खेलना है. वह अगर आईपीएल तक भी फिट नहीं होते हैं तो मुंबई इंडियंस के लिए यह एक बहुत बड़ा झटका हो सकता है. आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई के लिए पिछला साल सबसे खराब रहा था और टीम सबसे पहले बाहर हुई थी. पिछले साल टीम को जोफ्रा आर्चर की कमी खली थी, जिसे ऑक्शन में टीम ने खरीदा था.

ग्रीन आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं. आईपीएल ऑक्शन में ग्रीन के लिए दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच टक्कर हुई थी. आरसीबी ने भी उन पर बोली लगाई थी, वह लेकिन 6 करोड़ से ऊपर नहीं गई थी. मुंबई ने साढ़े 17 करोड़ की बोली लगाकर ग्रीन को अपने साथ जोड़ लिया और ग्रीन मुंबई इंडियंस के सबसे महंगे प्लेयर भी बन गए.

Exit mobile version