Site icon Samagra Bharat News website

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से 4 ठेकेदार लापता, माओवादियों के कब्जे में होंने की आशंका

समग्र समाचार सेवा
रायपुर, 2जनवरी। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में पिछले आठ दिनों से चार ठेकेदारों के कथित तौर पर लापता होने की जानकारी मिली है. बीजापुर जिले में कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बताया कि जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोरना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे चार ठेकेदारों के 25 दिसंबर से कथित तौर पर लापता होने की सूचना है. जिले के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पुलिस को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है. हालांकि लापता ठेकेदारों के परिजनों को आशंका है वे माओवादियों के कब्जे में हैं.

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि लापता ठेकेदारों की पहचान कोंडागांव निवासी निमेंद्र कुमार दीवान, नीलचंद्र नाग, बस्तर जिले के टेमरू नागर और दंतेवाड़ा जिले के चापड़ी बटैया के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनी सोरी और लापता ठेकेदारों के परिजनों ने स्थानीय मीडिया से बातचीत के दौरान नक्सलियों से अनुरोध किया है कि यदि ठेकेदार उनके कब्जे में हैं तो वह उन्हें रिहा कर दें.

बता दें कि इससे पहले भी नक्सली सड़क निर्माण करने वाले कर्मचारियों को अगवा करते रहे हैं. दरअसल, नक्सली नहीं चाहते कि उनके प्रभाव वाले इलाकों में सड़क निर्माण कार्य किया जाए. उनको डर रहता है कि अगर सड़क बनी तो वे सुरक्षाबलों के निशाने पर आ जाएंगे और सुरक्षाबलों की पहुंच उन तक आसान हो जाएगी. इसलिए नक्सली लोगों को डराने के लिए इस तरह की कायरता करते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. समाचार लिखे जाने तक ठेकेदार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी.

(इनपुट-एजेंसी)

Exit mobile version