Site icon Samagra Bharat News website

पीएम नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास का मंत्र सुनिश्चित किया: जे पी नड्डा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7जनवरी।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश की राजनीतिक संस्कृति बदल गई है। कर्नाटक में भाजपा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस पर फूट डालो और राज करो, भ्रष्टाचार, कमीशन और जातिवाद की राजनीति करने आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा मिशन, समाज सेवा और विकास के लिए खड़ी है।

नड्डा ने कहा कि जब मोदी ने 2014 में देश के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला, तो यह केवल एक प्रधानमंत्री, सरकार या एक दल का परिवर्तन नहीं था, यह देश की राजनीतिक संस्कृति का परिवर्तन था। कर्नाटक में अप्रैल-मई तक चुनाव होने की संभावना है। नड्डा ने राज्य में विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत यहां पेशेवरों और बुद्धिजीवियों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यूपीए की पिछली सरकार में वंशवादी, परिवारवादी दल वोट बैंक की राजनीति कर रहे थे। वे धर्म, समाज और जाति को विभाजित कर शासन करने में विश्वास करते थे। इसी कारण वे लंबे समय तक शासन किया।

नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने न केवल वंशवाद, परिवारवाद, जातिवाद और वोट बैंक की राजनीति को चुनौती दी, उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास का मंत्र सुनिश्चित किया। इस कारण देश में बदलाव आया और नई राजनीतिक संस्कृति आ गई।

नड्डा ने श्री पंचमसाली मठ और कनक गुरु पीठ का दौरा किया
जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कनक गुरु पीठ का दौरा किया और कर्नाटक में निरंजनानंद पुरी स्वामीजी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने हरिहर में श्री पंचमसाली मठ का भी दौरा किया। भाजपा अध्यक्ष कर्नाटक में दो दिवसीय दौरे पर हैं। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने तुमकुरु और चित्रदुर्ग जिलों में कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने श्री सिद्धगंगा मठ, श्री मधार चन्नय्या मठ और श्री तरलबालु मठ भी गए थे।

Exit mobile version