Site icon Samagra Bharat News website

यूपी के देवरिया में युवक की हत्या, शव की दोनों आंखें निकालीं; चेहरा भी जलाने की कोशिश

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ ,5 मार्च। उत्तर प्रदेश के देवरिया में युवक की हत्या का बड़ा मामला सामने आया है. एक युवक की हत्या कर दी गई, इसके बाद उसकी दोनों आंखें भी निकाल ली गईं. इतना ही नहीं, पहचाना न जाए इसलिए शव को जलाने की कोशिश की गई. उसका चेहरा जलाने की कोशिश की गई. पुलिस ने बताया कि जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में एक पुल के नीचे से पुलिस को 28 वर्षीय युवक का शव मिला है. पुलिस ने रविवार को बताया कि युवक की पहचान छुपाने के लक्ष्य से उसकी दोनों आंखें निकालकर चेहरा जलाने की कोशिश की गयी है.

गौरी बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नवीन सिंह ने बताया कि सब्जी की दुकान चलाने वाला लक्ष्मीपुर निवासी नूर मोहम्मद 28 फरवरी की रात से घर से लापता था. परिजनों के अनुसार, वह रात लगभग ग्यारह बजे किसी से फोन पर बात करने के बाद घर से निकला था. इसके बाद वह घर नहीं लौटा. परिजन उसे तलाश रहे थे.

एसएचओ ने बताया कि शनिवार को गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बाकी नाला के पुल के नीचे बोरे में एक शव दिखाई दिया, जिसे बरामद कर पुलिस ने उसकी पहचान करायी. उन्होंने बताया कि पहचान छुपाने के लक्ष्य से युवक की दोनों आंखें निकाल ली गयी हैं और शव को जलाने का प्रयास भी किया गया है.

रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंचम लाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. उन्होंने बताया कि सन्देह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में ले कर पुलिस पूछताछ कर रही है.

वहीं, इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. लोग दहशत में हैं. मृतक के परिजन सकते हैं. उनका रो-रो कर बुरा हाल है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की है.

Exit mobile version