Site icon Samagra Bharat News website

राबड़ी देवी के घर पर पड़ी CBI की रेड पर अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया , कहा- यह गलत है…

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7 मार्च। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर पर पड़े सीबीआई छापेमारी को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह गलत है। यह ठीक नहीं है। जिस तरह से यह ट्रेंड बनता जा रहा है कि जहां विपक्ष की सरकारें हैं वहां काम नहीं करने दिया जाएगा। जनतंत्र तो तभी आगे चलेगा जब सभी मिलकर काम करेंगे, जिसकी जहां सरकार है उसे वहां काम करने दिया जाना चाहिए।

बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी से आज उनके सरकारी आवास पर CBI की टीम जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने के मामले में पूछताछ कर रही है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि सीबीआई की टीम सुबह श्रीमती राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सकुर्लर रोड पहुंची और उनसे जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने के मामले में पूछताछ शुरू की है।

सीबीआई ने श्रीमती राबड़ी देवी को इस मामले में पूछताछ के लिए नोटिस दिया था। पहले यह पूछताछ सीबीआई ऑफिस में होनी थी लेकिन बाद में उन्हें राहत देते हुए सीबीआई की टीम उनके घर पर ही पूछताछ के लिए तैयार हो गई। इस मामले में सीबीआई ने पिछले साल मई और अगस्त में श्रीमती राबड़ी देवी समेत अन्य आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।

गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव जब वर्ष 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे इस दौरान उन पर जमीन के बदले रेलवे में कुछ आयोग लोगों को नौकरी देने का आरोप है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और उसने यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और उनकी दो बेटी समेत 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से 14 लोगों के खिलाफ सीबीआई ने आरोप पत्र भी समर्पित कर दिया है। इस मामले में अदालत ने 14 मार्च को लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और पुत्री मीसा भारती को अदालत में पेश होने के लिए सम्मन जारी किया है।

Exit mobile version