Site icon Samagra Bharat News website

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने की आत्महत्या का पंखे से लटका मिला शव, सुसाइड से पहले किया था इंस्टाग्राम लाइव

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 26 मार्च। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का रविवार सुबह निधन हो गया। वाराणसी के होटल में उनका शव पंखे से लटका पाया गया। सामने आई जानकारी के मुताबिक, एक्ट्रेस वाराणसी में ‘नायक’ की शूटिंग के लिए आई हुई थीं। वह सारनाथ के एक होटल में रुकी थीं।आकांक्षा 25 साल की थीं और बहुत ही कम समय में इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई थी।

आकांक्षा दुबे भदोही की रहने वाली थीं और उत्तर प्रदेश की जानी मानी कलाकारों में उनकी गिनती होती थी। आकांक्षा ने भोजपुरी सिनेमा, संगीत और फिल्मों में भी काम किया था। उत्तर प्रदेश के अलावा उनकी पूरे देश में भी अच्छी फैन फॉलोइंग है। आकांक्षा इंस्टाग्राम पर रील्स भी बनाती थीं।

मौत से पहले आकांक्षा ने किया था लाइव
अचानक ही आई उनके निधन की खबर ने फैंस को बुरी तरह झकझोर दिया है। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि उनकी आत्महत्या का असल कारण क्या रहा होगा। अभिनेत्री ने मौत से कुछ घंटों पहले रात करीब 2.25 बजे इंस्टाग्राम लाइव किया था। इस वीडियो में वह रो रही थीं। अब एक्ट्रेस की मौत के बाद उनके फैंस यह कयास लगा रहे हैं कि, उन्होंने लाइव वीडियो के बाद ही सुसाइड किया।

म्यूजिक वीडियो से की थी करियर की शुरुआत
आकांक्षा दुबे ने म्यूजिक वीडियो से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनका डेब्यू म्यूजिक एल्बम ‘तू जवान हम लइका’ था। यह म्यूजिक वीडियो काफी सफल रहा। इसके बाद आकांक्षा ‘बुलेट पर राजा’ जैसे और भी कुछ एल्बम में काम किया। एक्ट्रेस ने इस गाने का जमकर प्रमोशन किया था।

म्यूजिक वीडियो में काम करने के दौरान ही आकांक्षा ने भोजपुरी फिल्मों की ओर रुख किया था। उनकी पहली मूवी ‘मेरी जंग मेरा फैसला’ थी। इसके बाद एक्ट्रेस ने ‘वीरों के वीर’, ‘मुझसे शादी करोगी’ सहित कई फिल्मों में अपने अभिनय का दमखम दिखाया।

कुछ घंटे पहले ही रिलीज हुआ आकांक्षा दुबे का नया गाना
26 मार्च को आकांक्षा दुबे के निधन की खबर आई, और इसी दिन उनका लेटेस्ट वीडियो सॉन्ग ‘ये आरा कभी हारा नहीं’ रिलीज हुआ। मौत से एक दिन पहले ही आकांक्षा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस म्यूजिक एल्बम के आज रिलीज होने की जानकारी दी थी।

इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड की थी शायरी वाली स्टोरी
आकांक्षा दुबे ने करीब 23 घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक शायरी वाली स्टोरी अपलोड की थी। शायरी यह थी कि – के राह देखेंगे तेरी चाहे जमाने लग जाएं, या तो आ जाए तू, या हम ही ठिकाने लग जाएं..।

Exit mobile version