Site icon Samagra Bharat News website

देश में फिर बढ़ रहे कोरोना मामले, 163 दिन में सामने कोविड के सबसे अधिक 4,435 दैनिक मामले

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5अप्रैल। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,435 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,33,719 हो गई है. पिछले 163 दिन में सामने आए ये सर्वाधिक दैनिक मामले हैं. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 23,091 पर पहुंच गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से महाराष्ट्र में चार और छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, पुडुचेरी तथा राजस्थान में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,916 हो गई. वहीं, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में चार नाम और जोड़े हैं.

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 23,091 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है. देश में संक्रमण की दैनिक दर 3.38 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.79 प्रतिशत है. अभी तक कुल 4,41,79,712 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है.

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं.

Exit mobile version