Site icon Samagra Bharat News website

भारत स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और नियमों के अनुसार हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए जापान के दृष्टिकोण को साझा करता है:राजनाथ सिंह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6 अप्रैल। जापान के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के रक्षा उप-मंत्री ओका मसामी ने 06 अप्रैल, 2023 को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। इस बैठक के दौरान, ओका मसामी ने रक्षा मंत्री को 7वें रक्षा नीति संवाद के दौरान हुई चर्चाओं के बारे में जानकारी दी, जिसकी सह-अध्यक्षता उन्होंने 05 अप्रैल, 2023 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने के साथ की थी। ओका मसामी ने रक्षा उपकरण एवं प्रौद्योगिकी में सहयोग सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए जापान की उत्सुकता को दोहराया।

इस अवसर पर, राजनाथ सिंह ने बताया कि भारत स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित तथा नियमों के अनुसार हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए जापान के दृष्टिकोण को साझा करता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दोनों देशों को अपने द्विपक्षीय सहयोग के दायरे को और विस्तार देना जारी रखना चाहिए।

इस बैठक में, ओका मसामी के साथ भारत में जापान के राजदूत सुजुकी हिरोशी भी उपस्थित थे, उन्होंने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को अधिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में रक्षा मंत्री के सशक्त तथा सकारात्मक नेतृत्व द्वारा दिए गए प्रोत्साहन के लिए राजनाथ सिंह को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने भी उपस्थित थे।

Exit mobile version