Site icon Samagra Bharat News website

पीयूष गोयल ने इटली के उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री श्री एंटोनियो ताजानी से मुलाकात की

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13अप्रैल।केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल ने द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करने हेतु कल इटली सरकार के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मामलों और विदेश कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री महामहिम एंटोनियो ताजानी से मुलाकात की। पीयूष गोयल इटली की दो-दिवसीय यात्रा पर कल रोम पहुंचे।

दोनों मंत्रियों ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए भारत-इटली व्यापार और आर्थिक साझेदारी का लाभ उठने के संबंध में विचारों का आदान-प्रदान किया। बैठक के दौरान, दोनों मंत्रियों ने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की भारत की हाल की राजकीय यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री ताजानी ने अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, रक्षा, कृषि आदि जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में एक संयुक्त कार्य समूह के गठन का सुझाव दिया ताकि इन क्षेत्रों में होने वाली महत्वपूर्ण प्रगति से अवगत रहा जा सके।

दोनों मंत्रियों ने भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार में उच्च वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया, जो 2022 में लगभग 16 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। दोनों नेताओं ने इसे और आगे विस्तारित करने का संकल्प लिया। पीयूष गोयल ने एंटोनियो ताजानी को भारत-यूरोपीय संघ एफटीए वार्ता में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी। दोनों मंत्रियों ने एक मुक्त, संतुलित और निष्पक्ष मुक्त व्यापार समझौते के महत्व को रेखांकित किया और आशा व्यक्त की कि यह जल्द ही संपन्न हो जाएगा। दोनों नेता सितंबर 2023 के अंतिम सप्ताह में रोम में आर्थिक सहयोग पर संयुक्त आयोग (जेसीईसी) का अगला सत्र आयोजित करने पर भी सहमत हुए।

एंटोनियो ताजानी ने दोनों देशों की संसदों के बीच संसदीय मैत्री समूह कूटनीति को मजबूत करने और साइबर वार्ता की संभावनाएं तलाशने का सुझाव दिया। पीयूष गोयल ने एंटोनियो ताजानी को भारत की जी-20 की प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी और अगस्त 2023 में भारत में जी-20 देशों के व्यापार मंत्रियों की बैठक में आने का उन्हें निमंत्रण दिया। श्री ताजानी ने जी-20 की भारत की अध्यक्षता को सफल बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।

पीयूष गोयल ने जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से स्थिरता प्राप्त करने हेतु स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित देश जलवायु परिवर्तन की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विकासशील देशों को कम लागत वाले जलवायु वित्तपोषण और प्रौद्योगिकी उपलब्ध करायें।

एंटोनियो ताजानी ने पीयूष गोयल को इटली सरकार के विदेश मंत्रालय के कार्यालय के फार्नेसिना की आर्ट गैलरी का अवलोकन कराया।

Exit mobile version