Site icon Samagra Bharat News website

भारत सदस्य देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एससीओ को महत्वपूर्ण मानता है:राजनाथ सिंह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 28अप्रैल। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ के सदस्य देशों को हो रही चुनौतियों से प्रभावी रूप से निपटने के लिए इसे मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सुरक्षित, स्थायी और समृद्ध क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए सामान्य एजेंडे पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि भारत सदस्य देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एससीओ को महत्वपूर्ण मानता है।

एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक के प्रारंभिक सत्र में रक्षामंत्री ने कहा कि सदस्य देशों के बीच सदियों से महान सांस्कृतिक और सभ्यतागत संपर्क रहे हैं तथा लोगों, विचारों और वस्तुओं का निरंतर आदान प्रदान होता रहा है। इससे सदस्य देश आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हुए हैं।

भारत 2017 में शंघाई सहयोग संगठन का पूर्ण सदस्य बना था और उसके बाद से वह पहली बार इसकी अध्यक्षता कर रहा है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज नई दिल्ली में एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। चीन, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के रक्षा मंत्री इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने बैठक में बेलारूस और ईरान को प्रेक्षक देश के रूप में आमंत्रित किया है। पाकिस्तान के रक्षामंत्री वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हो रहे हैं।

Exit mobile version