Site icon Samagra Bharat News website

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद लगाया गया कर्फ्यू, जानें  पूरा मामला

समग्र समाचार सेवा
कोल्हापुर, 7जून।महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बुधवार को दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया. यह घटना तब हुई जब मंगलवार को तीन युवकों की तरफ से लगाए गए ‘व्हाट्सएप स्टेटस’ के कारण हुई झड़पों के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जमा हो गए. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए तस्वीरों में सड़कों पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ देखी जा सकती हैं. इलाके में प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया.

एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिणपंथी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मैसुरु के 18वीं सदी के शासक टीपू सुल्तान की तस्वीर के साथ कथित तौर पर अपमानजनक संवाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था. इसके बाद पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं ने हालांकि एक बार फिर इस मुद्दे को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया.

कोल्हापुर के पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित ने बताया, ‘कुछ संगठनों ने कोल्हापुर बंद का आह्वान किया था और उनके कार्यकर्ता आज शिवाजी चौक पर जमा हुए थे. प्रदर्शन के बाद भीड़ लौट रही थी, तभी कुछ उपद्रवियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसकी वजह से पुलिस को उनके खिलाफ बल प्रयोग करना पड़ा.’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन्होंने शांति व्यवस्था कायम रखने और प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की. कोल्हापुर के प्रभारी मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने टीपू सुल्तान की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.

Exit mobile version