Site icon Samagra Bharat News website

इमरान खान के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कराने वाले वकील की गोली मारकर हत्या

समग्र समाचार सेवा
कराची  ,07जून।पाकिस्तान में न तो कानून व्यवस्था है और न ही सरकार का कोई नामोनिशान. सेना और आतंकवादियों के आगे पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट और सरकार भी नतमस्तक लगते हैं. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद क्या हुआ था, यह सभी जानते हैं. देश कई दिनों तक जलता रहा और उपद्रवियों ने सैन्य अधिकारियों के घरों तक में लूटपाट की. हालात अब भी नहीं सुधरे हैं. पाकिस्तान में कानून की रक्षा करने वाले और कानून के लिए लड़ने वाले भी सुरक्षित नहीं हैं.

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कराने वाले एक वरिष्ठ वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. अज्ञात हथियारबंद लोगों ने बलूचिस्तान प्रांत में वकील की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह अदालत जा रहे थे. पुलिस ने आज यानी बुधवार 7 जून को यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के एक वकील अब्दुल रज्जाक शार की मंगलवार को क्वेटा के एयरपोर्ट रोड पर अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में मौत हो गई. उन्होंने बताया कि गोली लगने के बाद वकील को तुरंत क्वेटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.क्वेटा सिविल अस्पताल में सर्जन आयशा रियाज ने पत्रकारों को बताया कि हमले में शार को 16 गोलियां लगी थीं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गुल मुहम्मद ने बताया कि तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह अज्ञात लोगों ने शार पर उस वक्त हमला किया, जब वह एक मामले के सिलसिले में अपनी गाड़ी से सुप्रीम कोर्ट जा रहे थे. उन्होंने बताया कि शार के सीने, गर्दन और पेट में गोली मारी गई, जिससे उनकी मौत हो गई.

प्रधानमंत्री के विशेष सहायक (एसएपीएम) अताउल्लाह तरार ने हत्या की निंदा की और कहा कि शार ने बलूचिस्तान हाईकोर्ट (बीएचसी) में विपक्षी नेता इमरान खान के खिलाफ देशद्रोह के तहत मुकदमा चलाने की याचिका दायर की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उनकी हत्या की गई है.

Exit mobile version