Site icon Samagra Bharat News website

नितिन गडकरी बोले- ईमानदारी से चाहता हूं कि कांग्रेस फिर मजबूत हो, आखिर उन्होंने क्यों कहा ऐसा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 17जून।केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने कहा है कि एक नेता ने उन्हें एक बार कांग्रेस में शामिल होने की सलाह दी थी, जिसके जवाब में उन्होंने कहा था कि वह उस पार्टी का सदस्य बनने के बजाय कुएं में कूद जाएंगे. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस के 60 साल के शासन में हुए कार्यों की तुलना में भाजपा की सरकार ने पिछले नौ साल में देश में दोगुना काम किया है. गडकरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के नौ साल पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को महाराष्ट्र के भंडारा में एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा में अपने कार्य के शुरुआती दिनों को याद किया और पार्टी के अब तक के सफर को लेकर बात की.

उन्होंने कांग्रेस के दिवंगत नेता श्रीकांत जिचकर द्वारा एक बार उन्हें दी गई सलाह को भी याद किया. गडकरी ने कहा, ‘‘जिचकर ने एक बार मुझसे कहा था-‘आप एक बहुत अच्छे पार्टी कार्यकर्ता और नेता हैं. यदि आप कांग्रेस में शामिल हो जाते हैं, तो आपका भविष्य बहुत उज्ज्वल रहेगा’, लेकिन मैंने उनसे कहा था कि मैं कांग्रेस में शामिल होने के बजाय कुएं में कूद जाऊंगा, क्योंकि मेरा भाजपा और उसकी विचारधारा में मजबूत भरोसा है तथा मैं इसके लिए काम करना जारी रखूंगा.

 

 

Exit mobile version