Site icon Samagra Bharat News website

एलन मस्क समेत इन 24 दिग्गज से मिलेंगे पीएम मोदी

समग्र समाचार सेवा
वाशिंगटन, 20जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार से चार दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं. पीएम मोदी के इस दौरे पर उनकी अलग-अलग क्षेत्रों के करीब दो दर्जन दिग्गजों से मुलाकात होनी है. पीएम मोदी की जिन मशहूर शख्सियतों से मुलाकात होगी उनमें टेस्ला के सीईओ और ट्विटर के मालिक एलन मस्क भी शामिल हैं. इससे पहले पीएम मोदी और एलन मस्क की मुलाकात साल 2015 में कैलिफोर्निया में स्थित टेस्ला मोटर्स फैक्ट्री में हुई थी और तब टेस्ला चीफ ट्विटर के मालिक नहीं थे. मोदी और मस्क की ये मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब टेस्ला भारत में फैक्ट्री लगाने के लिए जगह की तलाश में जुटी है.

पूर्व में जब वॉल स्ट्रीट जनरल को दिए इंटरव्यू में मस्क से सवाल पूछा गया कि क्या ऑटोमेकर की भारतीय बाजार में दिलचस्पी है तो उन्होंने इसका जवाब हां में दिया. उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि साल के आखिर तक टेस्ला फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन की तलाश कर लेगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी एलन मस्क के अलावा जिन दिग्गजों से मिलेंगे उनमें नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री, कलाकार, वैज्ञानिक, विद्वान, उद्यमी, शिक्षाविद और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ भी शामिल हैं.

प्रधानमंत्री मोदी एलन मस्क के अलावा अंतरिक्ष विज्ञानी और लेखक नील डिग्रेसी टाइसन, नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री पॉल रोमर, लेखक निकोलस नासिम तालिब और निवेशक रे डालियो से मुलाकात कर सकते हैं. अधिकारियों के अनुसार जिन अन्य प्रमुख हस्तियों के प्रधानमंत्री से मिलने की संभावना है उनमें फालू शाह, जेफ स्मिथ, माइकल फ्रोमैन, डेनियल रसेल, एलब्रिज कॉल्बी, पीटर एग्रे, स्टीफन क्लास्को और चंद्रिका टंडन शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि इन मुलाकातों के दौरान बेहतर तालमेल, अमेरिका के घटनाक्रम को समझने और एजेंडे में शामिल अन्य मुद्दों के अलावा लोगों को भारत के साथ सहयोग करने के लिए आमंत्रित करने जैसे मुद्दों के बारे में बातचीत हो सकती है. उन्होंने कहा कि लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए मोदी जिस देश का दौरा करते हैं, अक्सर उन देशों के प्रबुद्ध लोगों और हस्तियों से मिलते हैं.

Exit mobile version