Site icon Samagra Bharat News website

अमेरिका और भारत की दोस्ती दुनिया में सबसे खास: राष्ट्रपति बाइडन

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26जून।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और मिस्र के पांच दिवसीय दौरे के बाद रविवार देर रात भारत लौट आए हैं. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डे के बाहर उनका जोरदार स्वागत किया. पीएम मोदी की ऐतिहासिक यात्रा खत्म होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन  की प्रतिक्रिया सामने आई है.

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के दौरान अमेरिका और भारत ने अपनी रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी को और बढ़ाने के लिए कई प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए तथा दोनों देशों के बीच की दोस्ती दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक है. बाइडन की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती वैश्विक हित में है और यह हमारे ग्रह को न सिर्फ बेहतर बल्कि अधिक टिकाऊ भी बनाएगी.

जो बाइडन ने रविवार को एक ट्वीट किया जिसमें उन्होनें लिखा, ‘अमेरिका और भारत के बीच की दोस्ती दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक है. यह पहले से कहीं अधिक मजबूत, गहरी और जीवंत है.’ वहीं बाइडन के ट्वीट का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ‘राष्ट्रपति जो बाइडन, मैं आपकी बात से पूरी तरह से सहमत हूं. हमारे देशों के बीच दोस्ती वैश्वक हित में है. इससे हमारा ग्रह और बेहतर तथा अधिक टिकाऊ बनेगा.’ पीएम ने कहा, मेरी हाल की यात्रा में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई है, उससे हमारे संबंध और मजबूत होंगे.

प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो. बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका की यात्रा पर थे. उन्होनें 20 जून को अपनी पांच दिवसीय यात्रा शुरू की थी. इस दौरान बाइडन दंपति ने उनके लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी की, जिसमें प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रमुख, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), उद्यमी, अधिकारी सहित करीब 500 लोगों ने शिरकत की थी.

अमेरिका की अपनी पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा पर मोदी कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बने थे. वह भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों से भी मुखातिब हुए थे.

Exit mobile version